




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- भारतीय जनता पार्टी के हमीरपुर का अनुसूचित जनजाति प्रतिनिधियों का सम्मेलन हमीरपुर में आयोजित हुआ । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी और पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने शिरकत की। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं को जन जन तक पहुंचाना था।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों को मिल रहा अधिकार
विधायक आशीष शर्मा ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के सम्मेलन में कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि सभी का आशीर्वाद लेने का मौका इस कार्यक्रम में मिला।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, डॉ बीआर अम्बेडकर जैसी कई ऐसी शख्शियत रहीं हैं जिन्होंने पिछड़े वर्ग से आने के बावजूद अपने ज्ञान व हुनर का परचम लहराया।
अगर रामायण पढ़ने या सुनने को मिलती है तो वो वाल्मीकि जी के कारण सम्भव हुआ है। प्रभु श्री राम के वैभव, मर्यादा व सूर्यवंशी होने का पता वाल्मीकि जी की रामायण से चलता है। डॉ अम्बेडकर ने देश को संविधान दिया। जिस पर आज पूरा देश चल है। विधायक ने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो सरकार चली है, वह काबिले तारीफ है। मुख्यमंत्री बनने के बाद आज दिन तक मोदी ने कोई छुट्टी नहीं ली और देशसेवा में लगे हुए हैँ। मेरा भी सौभाग्य है कि भाजपा परिवार में शामिल हुआ हूँ।

मोदी के नेतृत्व में विकास के यज्ञ में आहुति डालने का अवसर उन्हें भी मिला है। उन्होंने कहा कि जाति से नहीं इंसान कर्म से पहचाना जाता है। समाज का कल्याण तभी सम्भव है सब सभी एकजुट होकर आगे बढ़ें। समाज के वँचित और पिछड़े वर्ग को मुख्यधारा के साथ जोड़ना भाजपा का ध्येय है और यह काम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में इस बार अनुराग ठाकुर को पांच लाख से अधिक मतों से विजयी बनाएंगे।
अगर उनका इस्तीफा भी मंजूर होता है तो विधानसभा उपचुनाव भी साथ होंगे। जहां केंद्र में मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनेगी वहीं प्रदेश में भी भाजपा सरकार आसीन होगी। उन्होंने सम्मेलन में पहुंचे सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


















