भाजपा ने पूर्व विधायक राम रतन शर्मा के निधन पर जताया गहरा शोक

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर ने नादौनता विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ जननेता राम रतन शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

 

भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने राम रतन शर्मा के निधन को पार्टी संगठन और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1935 में जन्मे राम रतन शर्मा लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे और जनसंघ तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में उनकी विशेष पहचान थी। उनका जीवन राष्ट्रवादी विचारधारा और संगठन के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा।

 

राकेश ठाकुर ने कहा कि राम रतन शर्मा पतंजलि के साथ भी लंबे समय तक जुड़े रहे और सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। राम जन्मभूमि आंदोलन से भी उनका लंबा और महत्वपूर्ण जुड़ाव रहा। राष्ट्र और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें एक समर्पित जननेता के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाई।

 

उन्होंने कहा कि राम रतन शर्मा ने वर्ष 1982 में तत्कालीन नादौनता विधानसभा क्षेत्र, जो वर्तमान में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, से पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया।

 

इसके बाद वर्ष 1990 में उन्होंने दूसरी बार जीत हासिल की और वर्ष 1990 से 1993 तक विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

 

राकेश ठाकुर ने कहा कि राम रतन शर्मा का सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन संगठन के प्रति निष्ठा, राष्ट्रवादी विचारधारा तथा जनसेवा को समर्पित रहा। उनके निधन से भाजपा परिवार ने अपना एक वरिष्ठ और अनुभवी कार्यकर्ता खो दिया है। पार्टी संगठन में उनके योगदान और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों को सदैव स्मरण किया जाएगा।

 

भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भाजपा परिवार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।

 

[post-views]