हमीरपुर जिला स्थापना दिवस पर प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल और अनुराग सिंह ठाकुर ने दीं शुभकामनाएं

समीरपुर/हमीरपुर:- पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के समस्त निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

 

प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1972 में हमीरपुर जिले का गठन हुआ था। स्थापना के बाद से लेकर आज तक हमीरपुर ने विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। जिले के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों ने अपनी लगन और कर्मठता के बल पर हमीरपुर को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में एक विशेष पहचान दिलाई है।

 

उन्होंने कहा कि हमीरपुर की पहचान शिक्षा और खेल के क्षेत्र में अग्रणी जिले के रूप में रही है। यहां के युवाओं ने देश की सेना, प्रशासनिक सेवाओं, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रोफेसर धूमल ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी हमीरपुर विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

 

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने जिला स्थापना दिवस पर सभी जिलावासियों को बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 1972 में अस्तित्व में आया हमीरपुर आज विकास और उपलब्धियों की एक प्रेरणादायक यात्रा तय कर चुका है। बीते वर्षों में जिले ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और यहां के लोगों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और संकल्प से हमीरपुर को नई पहचान दिलाई है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर की जनता ने सदैव विकास को प्राथमिकता दी है और जिले के सर्वांगीण विकास में सभी वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए हमें मिलकर जिले के विकास और भावी पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य करना होगा।

 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में हमीरपुर विकास, शिक्षा, खेल, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा प्रदेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

 

 

[post-views]