



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- टौणी देवी शिक्षा खंड की अंडर-14 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय उच्च विद्यालय स्वाहल में हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

टौणी देवी शिक्षा खंड की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का राजकीय उच्च विद्यालय स्वाहल में भव्य शुभारंभ



विद्यालय पहुंचने पर मुख्याध्यापिका बबीता चौधरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा तथा विद्यालय स्टाफ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रतियोगिता में 24 विद्यालयों के 248 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।






विभिन्न स्कूलों से आए खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके बाद दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।


इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के खेल एवं सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है।



खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना का निर्माण होता है।


उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मुख्य मन्त्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने उनकी डाइट मनी को 60 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये किया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए वातानुकूलित वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।
डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन या शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें करियर की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। बच्चे कम उम्र में ही अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के साथ आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ी को 5 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 4 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को 3 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया है। इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करना और उन्हें खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर इंडोर स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हमीरपुर जिले के नादौन में लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम निर्मित किया जा रहा है, जहां एक साथ 17 खेलों के आयोजन की सुविधा उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर आरटीए सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक कटोच, प्रधान उत्तम चौधरी, मनोज चौधरी, युवा कांग्रेस के नेता, विद्यालयों के शिक्षक, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





