



लंबलू/हमीरपुर:- एचपीएसईबीएल जेई/एएई एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश, लम्बलू उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पटेरा में स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य के दौरान कनिष्ठ अभियंता सन्नी चंदेल के साथ हुई मारपीट एवं अभद्र व्यवहार की घटना की घोर निंदा करती है।

सरकारी कार्य का निर्वहन कर रहे एक अधिकारी के साथ सार्वजनिक रूप से हाथापाई करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर अपराध भी है।



प्रदेशाध्यक्ष मुकेश राठी ने कहा कि पिछले कुछ समय से प्रदेश में फील्ड में कार्यरत बिजली बोर्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, धमकाने और कार्य में बाधा डालने की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।






यदि ऐसी घटनाओं पर समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो कर्मचारियों का मनोबल टूटेगा तथा जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित होंगे।


उन्होंने कहा कि श्री सन्नी चंदेल अपनी टीम के साथ सरकार एवं बोर्ड की स्वीकृत योजना के तहत स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रहे थे। ऐसे में उनके साथ मारपीट करना और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता।



एसोसिएशन का मानना है कि यदि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो इससे गलत संदेश जाएगा और भविष्य में फील्ड स्टाफ की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन जाएगी।


मुकेश राठी ने मांग की कि संबंधित महिला के विरुद्ध सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा कानून व्यवस्था भंग करने के प्रकरण में तत्काल प्रभाव से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
दोषी के विरुद्ध ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया जाए जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार अथवा मारपीट करने का साहस न कर सके।
उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए दिन-रात कार्य करते हैं। ऐसे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इस घटना के विरोध में तथा फील्ड स्टाफ की सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदेशभर में जेई एवं एई काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगामी दिनों में अपने आंदोलन को और व्यापक बनाने पर विवश होगा।
मुकेश राठी
प्रदेशाध्यक्ष, एचपीएसईबीएल जेई/एएई एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश





