पंजाब नेशनल बैंक, मंडल कार्यालय हमीरपुर में हिन्दी माह-2026 का शुभारंभ

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता एवं हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक, मंडल कार्यालय हमीरपुर में आज दिनांक 01 सितंबर 2026 को हिन्दी माह-2026 का शुभारंभ किया गया।

 

यह हिन्दी माह 01 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा हिंदी के प्रति रुचि एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं, गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ आज दिनांक 01.09.2026 को राजभाषा प्रतिज्ञा के सामूहिक वाचन के साथ किया गया। इस अवसर पर मंडल प्रमुख श्री अरविंद यादव ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल हमारी राजभाषा ही नहीं, बल्कि देश की विविध भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है। उन्होंने सभी से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक एवं सहज प्रयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया।

 

 

 

[post-views]