हमीरपुर में खुलेगा रोटरी आई विज़न सेंटर, मारंडा अस्पताल की टीम ने किया भवन का निरीक्षण

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  रोटरी क्लब हमीरपुर द्वारा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सालासी स्थित रोटरी भवन में एक ‘रोटरी आई विज़न सेंटर’ शुरू करने की योजना बनाई गई है।

इस पहल को जल्द से जल्द साकार करने के लिए रोटरी आई हॉस्पिटल मारंडा (पालमपुर) और रोटरी आई फाउंडेशन मारंडा की एक विशेष टीम ने सालासी स्थित प्रस्तावित भवन का दौरा किया और स्थल का निरीक्षण किया।

​इस विशेषज्ञ टीम में रोटरी आई फाउंडेशन के निदेशक डॉ. सुधीर मल्होत्रा, फाउंडेशन के अध्यक्ष के. जी. बुटेल, वित्त सचिव कपिल सूद तथा महाप्रबंधक राघव शर्मा शामिल थे। टीम ने भवन का गहन मुआयना किया और विज़न सेंटर को शीघ्र अति शीघ्र शुरू करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे व तकनीकी सुविधाओं से संबंधित रचनात्मक सुझाव दिए। इस सेंटर के खुलने से हमीरपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के निवासियों को आंखों की जांच और इलाज की आधुनिक सुविधा अपने घर के पास ही मिल सकेगी।

​इस अवसर पर रोटरी क्लब हमीरपुर के सचिव रोटेरियन अमरजीत अत्री, रोटेरियन राजीव शर्मा, रोटेरियन रवि शर्मा, कर्नल एम. एम. शर्मा, रोटेरियन एस. के. धीमान, ज्वाला राणा, सीए राजेश ठाकुर, विजय सोनी, अरुण कपिल और अजैब सिंह बन्याल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई।

 

 

[post-views]