



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- लंबलू/डुगली गसोता महादेव मंदिर की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा के तहत आज गसोता महादेव की मंडली डुगली गांव पहुंची। मंडली के सदस्यों ने शिव महिमा का गुणगान कर पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।


मंडली के डुगली गांव पहुंचते ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आज जब मंडली ने घर घर जाकर शिव महिमा का गुणगान किया तो लोगों ने श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मंडली का स्वागत किया तथा भगवान भोलेनाथ के भजनों में शामिल होकर अपनी आस्था प्रकट की। इस दौरान हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा।




गसोता महादेव की मंडली द्वारा हर वर्ष गांव-गांव जाकर भगवान शिव की महिमा का गुणगान करने की यह परंपरा हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का सुंदर उदाहरण है।







मंडली न केवल लोगों को भगवान शिव की भक्ति से जोड़ रही है, बल्कि आपसी भाईचारे और हमारी पुरानी परंपराओं को भी आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रही है।



ग्रामीणों ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में इस तरह के धार्मिक आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ते हैं। गसोता महादेव की मंडली द्वारा इस परंपरा को लगातार आगे बढ़ाना निश्चित रूप से सराहनीय है। ग्रामीणों ने मंडली के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।



डुगली गांव में आज का दिन शिवभक्ति और आस्था के नाम रहा।







