



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पंजाब नेशनल बैंक की भूंपल शाखा के अधिकारियों की मुस्तैदी से क्षेत्र का एक ग्राहक लगभग 70 लाख रुपये की साईबर ठगी से बच गया।

भूंपल शाखा की प्रबंधक अंकिता संदल, उप प्रबंधक मीनाक्षी शर्मा और संजय सूद ने बताया कि 25 अगस्त को एक ग्राहक बैंक में आया और उसने अपने दूसरे बैंक के खाते से पंजाब नेशनल बैंक के खाते में भारी रकम हस्तांतरित करने और फिर इसी राशि को किसी कंपनी के खाते में डालने के बारे में जानकारी ली।



उसने बताया कि यह राशि उसके बेटे के लिए फ्लैट खरीदने के लिए उपयोग में लाई जाएगी। पीएनबी के अधिकारियों ने बताया कि 29 अगस्त को इस ग्राहक ने 55 लाख रुपये की राशि भूंपल शाखा के अपने खाते में डलवा दी और फिर इस पूरी राशि को आईसीआईसीआई बैंक के खाते में भेजने का आग्रह किया।






पीएनबी के अधिकारियों को इससे कुछ संदेह हुआ और उन्होंने उक्त ग्राहक के बेटे से संपर्क किया। 31 अगस्त को यह ग्राहक फिर भूंपल शाखा में पहुंचा और धनराशि को हस्तांतरित करने का आग्रह करने लगा।


बैंक अधिकारियों ने जब उससे बार-बार पूछकर और असलियत बताने का आग्रह किया तो उसने इस मामले का खुलासा किया।



दरअसल, इस ग्राहक को 19 अगस्त से ही किसी पुलिस अधिकारी के नाम और फोटो के साथ व्हाट्सऐप कॉल आ रही थीं, जिनमें उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था और पैसा हस्तांतरित न करने पर गिरफ्तार करने की धमकियां दी जा रही थीं। इससे घबराकर वह उक्त धनराशि को हस्तांतरित करवा रहा था।


बैंक अधिकारियों ने बताया कि यह डिजिटल अरेस्ट एवं ठगी का मामला था। इससे ग्राहक ने राहत की सांस ली और उसने यह पैसा एफडी के रूप में जमा करवा दिया।
पीएनबी के अधिकारियों ने सभी लोगों से इस प्रकार की ठगी से बचने के लिए सावधान रहने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।






