



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने विधायक सुरेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अमरोह पंचायत में लगभग चार वर्ष के कार्यकाल में वह कोई उल्लेखनीय विकास कार्य करवाने में असफल रहे हैं।


उन्होंने कहा कि जनता अब केवल घोषणाएँ नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाला विकास चाहती है। केवल चुनावी वादे और झूठी घोषणाएँ करने से जनता का पेट नहीं भरेगा।



पूर्व विधायक ने कहा कि सत्ता में आने के बाद सुरेश कुमार ने न तो अपनी चुनावी घोषणाएँ पूरी कीं और न ही क्षेत्र के लिए कोई ठोस काम किया।






राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरोह में केवल वाहवाही लूटने और तालियाँ पिटवाने के लिए उन्होंने वॉलीबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, स्कूल गेट और स्कूल स्टेज के निर्माण की बड़ी-बड़ी घोषणाएँ की थीं।


लेकिन आज चार साल पूरे होने को हैं और ये घोषणाएँ केवल कागजों तक ही सीमित बनकर रह गई हैं, धरातल पर एक भी काम पूरा नहीं हुआ है।



कमलेश कुमारी ने कहा कि उनके अपने कार्यकाल में अमरोह के विकास के लिए धरातल पर काम किया गया था। कलाहू से कांगु गलू वाया अमरोह सड़क का गुणवत्तायुक्त जीर्णोद्धार कराया गया।


अमरोह पंचायत में सुचारू पेयजल के लिए नाबार्ड से ओवरहेड टैंक स्वीकृत करवाया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरोह में साइंस और कॉमर्स की कक्षाएँ शुरू कराई गईं और भवन निर्माण हेतु ₹70 लाख दिलवाए गए। पशुपालकों की सुविधा के लिए पशु औषधालय भवन बनवाया गया।
निर्धन परिवारों को मकान, गरीब मरीजों को चिकित्सा सहायता, छोटी सड़कों का निर्माण और कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से मजदूरों को योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाया गया।
कमलेश कुमारी ने सुरेश कुमार से सीधा सवाल करते हुए पूछा कि साढ़े तीन-चार साल के कार्यकाल में उन्होंने अमरोह पंचायत के लिए कौन-सा बड़ा विकास कार्य करवाया है? जनता को अब भाषण नहीं, बल्कि सड़कों, स्कूलों और पेयजल व्यवस्था में वास्तविक बदलाव चाहिए।
जनता अब समझ चुकी है कि किसने धरातल पर काम किया और किसने केवल घोषणाओं तक राजनीति सीमित रखी। आने वाले समय में जनता इसका करारा जवाब देगी।






