



कोट/हमीरपुर:- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोट, जिला हमीरपुर की पूर्व छात्रा कंचन पुत्री सुरेंद्र, निवासी गांव धंगोटा, हमीरपुर (हि.प्र.) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) उत्तीर्ण कर राजकीय डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा, कांगडा में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त कर विद्यालय एवं अपने क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

इसी प्रकार विद्यालय की एक अन्य पूर्व छात्रा पुष्पा पुत्री श्री सुनील, निवासी गांव धंगोटा, हमीरपुर (हि.प्र.) ने भी B.D.S. (बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।



दोनों छात्राओं की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिवार तथा स्थानीय क्षेत्र में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बलवंत सिंह तथा समस्त अध्यापक वर्ग ने दोनों छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






प्रधानाचार्य श्री बलवंत सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की कठोर मेहनत, लगन, अनुशासन एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों के मार्गदर्शन के साथ-साथ शिक्षकों का ईमानदार एवं समर्पित सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


उन्होंने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।



इस खुशी के अवसर पर प्रधानाचार्य द्वारा दोनों छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया गया। विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं को भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।








