



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया।


शहीद भगत सिंह सभागार में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बालवाटिका प्रथम एवं द्वितीय, कक्षा पहली-दूसरी तथा कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत सहभागिता के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।




कार्यक्रम का वातावरण भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और बाल-मन की निश्छल उमंग से सराबोर रहा। विद्यार्थियों ने मधुर कृष्ण भजनों, मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों तथा आकर्षक फोटोग्राफी गतिविधि के माध्यम से जन्माष्टमी के विविध रंगों को जीवंत कर दिया।







नन्हें-मुन्ने विद्यार्थी श्रीकृष्ण के मनमोहक रूप में सजकर आए और उनकी बाल लीलाओं एवं चंचल शरारतों को अपनी मासूम अदाओं से प्रस्तुत किया।



रंग-बिरंगे परिधानों में सजे नन्हें कान्हाओं की मुस्कान और मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल एवं मुख्य अध्यापिका कंचन लखनपाल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।




कार्यक्रम का कुशल समन्वय सीमा एवं पूजा ठाकुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कंचन शर्मा, अचला शर्मा, डेज़ी ठाकुर, शैलजा राणा, पुष्पा ठाकुर, अश्पिका एवं एकता शर्मा का विशेष योगदान रहा।



जन्माष्टमी समारोह ने विद्यालय परिसर को भक्ति, उल्लास और बाल-सुलभ आनंद से भर दिया।

नन्हे कान्हाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी के हृदय में प्रेम और आनंद की मधुर छाप छोड़ी। समारोह का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ और यह उत्सव विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।





