दिव्यांगता को नहीं बनने दिया कमजोरी, बच्चों के साथ जन्मदिन मनाकर राजन कुमार ने दिया शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत भगेटू के गांव भगेटू से संबंध रखने वाले हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं जिला दिव्यांग समीक्षा समिति के सदस्य राजन कुमार ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपना जन्मदिन एक अनोखे और प्रेरणादायक अंदाज में मनाया।

 

उन्होंने जन्मदिन की खुशियां अपने तक सीमित रखने के बजाय राजकीय माध्यमिक पाठशाला भगेटू के स्कूली बच्चों के साथ साझा कीं।

इस अवसर पर राजन कुमार ने बच्चों को कॉपियां, पेंसिल एवं अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित की। बच्चों के साथ मनोरंजक गतिविधियां की गईं और उन्हें भोजन भी करवाया गया।

 

उन्होंने बच्चों से बातचीत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में आने वाली कठिनाइयों से कभी हार न मानने के लिए प्रेरित किया।

 

जन्मदिन के अवसर पर पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। राजन कुमार ने विद्यालय परिसर में हरड, भेड़ा, आमला और जामुन जैसे औषधि पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिय।

 

उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे अपने जन्मदिन अथवा किसी विशेष अवसर पर एक पौधा जरूर लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।

राजन कुमार ने कहा कि “जन्मदिन केवल अपनी खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के लिए कुछ अच्छा करने का दिन भी होना चाहिए।

 

बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और एक पौधा लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित करने का प्रयास—इससे बेहतर जन्मदिन मेरे लिए कुछ नहीं हो सकता।”

गौरतलब है कि राजन कुमार स्वयं 100 प्रतिशत दिव्यांग हैं और व्हीलचेयर के सहारे जीवन व्यतीत करते हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी दिव्यांगता को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया।

 

सामाजिक सेवा, खेल, दिव्यांगजनों के अधिकारों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर वह समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं।

शिक्षकों और स्टाफ ने की सराहना

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य संदीप कुमारी, शिक्षक सूची चंदेल, मनोरमा एवं प्रियंका शर्मा, स्टाफ सदस्य अनिता कुमारी एवं मंजू कुमारी सहित नरेश कुमार, अंजना कुमारी तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

विद्यालय परिवार ने राजन कुमार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के बीच इस प्रकार का आयोजन उन्हें शिक्षा, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

राजन कुमार का यह प्रयास शिक्षा, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक सोच का अनूठा संगम रहा। उन्होंने अपने जन्मदिन को केवल उत्सव न बनाकर बच्चों के भविष्य और पर्यावरण के संरक्षण के लिए समर्पित किया।

[post-views]