



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 20 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण शिविर वीरवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 33 महिलाओं को अचार, पापड़ और मसाला पाउडर इत्यादि बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

शिविर के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक अजय कतना ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।



उन्होंने प्रतिभागियों से कहा कि आरसेटी में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अपना उद्यम या कारोबार आरंभ कर सकती हैं। इसके लिए वे बैंकों की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उठा सकती हैं।






उन्होंने प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीपीएफ अकाउंट, किसान क्रेडिट कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।


इस अवसर पर शिविर के मूल्यांकनकर्ता हरमेश राजपूत, सुरभि देवी, फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।











