



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर की सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला एवं जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक आज भोटा के एक निजी होटल में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विधायक एवं भाजपा के तीन बार के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

जो संगठन अपने कार्यकर्ताओं के संघर्ष और बलिदान को भूल जाता है, वह आगे नहीं बढ़ सकता




इस अवसर पर जिला प्रभारी अमित ठाकुर, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, विजय अग्निहोत्री एवं कमलेश कुमारी सहित जिला से लेकर मंडल स्तर तक के भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने विगत समय में पार्टी द्वारा आयोजित विभिन्न संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की।


उन्होंने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा रखते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।



उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और कार्यकर्ता आधारित संगठन है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।


इसके पश्चात जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल ने पूर्व विधायक एवं महान समाजसेवी राम रतन शर्मा, भाजपा परिवार से जुड़े दिवंगत विशिष्ट व्यक्तित्वों तथा नेपाल त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। बैठक में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक के दौरान सभी मंडल अध्यक्षों ने भी अपने-अपने मंडलों में आयोजित कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों का फीडबैक प्रस्तुत किया। मंडल स्तर पर संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष चर्चा की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सतपाल सत्ती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज जिस मजबूत स्थिति में खड़ी है, उसके पीछे लाखों कार्यकर्ताओं का अथक संघर्ष, तपस्या और बलिदान है। भाजपा की यात्रा सत्ता प्राप्ति की यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प की यात्रा रही है।
उन्होंने कहा कि जो संगठन अपने कार्यकर्ताओं के संघर्ष और बलिदान को भूल जाता है, वह कभी आगे नहीं बढ़ सकता। भाजपा अपने प्रत्येक कार्यकर्ता के योगदान को सम्मान देती है और यही कार्यकर्ता आधारित संगठनात्मक संस्कृति भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग बनाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और युवा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा के समन्वय से भाजपा लगातार मजबूत हो रही है।

सतपाल सत्ती ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार, झूठे वादों और जनविरोधी नीतियों का पर्याय बन चुकी है। चुनावों के दौरान प्रदेश की जनता को बड़ी-बड़ी गारंटियां देकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार आज उन वादों को पूरा करने के बजाय जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश की जनता कांग्रेस से जवाब मांग रही है कि आखिर वे गारंटियां कहां गईं, जिनके नाम पर जनता से वोट मांगे गए थे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा से लेकर लोकसभा तक कांग्रेस ने झूठ और भ्रामक प्रचार फैलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अपने बलबूते जनता के बीच खड़े होने की ताकत खो चुकी कांग्रेस अब भाजपा के खिलाफ निराधार और भ्रामक आरोप लगाकर राजनीतिक जमीन तलाशने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस लगातार भाजपा को दलित विरोधी और संविधान बदलने वाली पार्टी के रूप में प्रस्तुत करने का झूठा प्रचार कर रही है, जबकि वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत है।
सतपाल सत्ती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव संविधान की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च स्थान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने समाज के वंचित, दलित, पिछड़े और गरीब वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। कांग्रेस द्वारा फैलाया जा रहा यह झूठा प्रचार उसकी राजनीतिक हताशा और निराशा को दर्शाता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विपक्ष के झूठे प्रचार का जवाब तथ्यों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों के माध्यम से दें। प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और भाजपा की विकासपरक सोच को पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि आगामी समय में पार्टी के सामने कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक और राजनीतिक चुनौतियां हैं, जिन्हें केवल मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के बल पर ही जीता जा सकता है।
सतपाल सत्ती ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को हर बूथ तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करना होगा। बूथ की मजबूती ही चुनावी जीत का सबसे बड़ा आधार है और जब प्रत्येक बूथ पर पार्टी का कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से खड़ा होगा, तो भाजपा को कोई चुनौती नहीं दे सकता।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया गया।





