



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर हमीरपुर में आयोजित रक्तदान शिविर में हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान एवं हमीरपुर जिला दिव्यांग समीक्षा समिति के सदस्य राजन कुमार ने रक्तदान कर समाज और दिव्यांगजनों के लिए एक बार फिर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।


इस अवसर पर उन्होंने अपने जीवन का 19वाँ रक्तदान किया।




हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भगेटू के गांव भगेटू से संबंध रखने वाले राजन कुमार स्वयं दिव्यांग होने के बावजूद लगातार सामाजिक एवं मानवता की सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणा है कि शारीरिक चुनौतियाँ कभी भी सेवा और सकारात्मक सोच के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं।








राजन कुमार ने कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने का कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का माध्यम है। अमर शहीद लाला जगत नारायण जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम मानवता की सेवा के लिए आगे आएँ और जरूरतमंदों की मदद करें।



उन्होंने युवाओं एवं आमजन से आह्वान किया कि स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान करें और इस पुनीत कार्य से जुड़कर समाज में मानवता एवं सेवा का संदेश फैलाएँ।

















