ढटवाल मंडल की समीक्षा बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, राकेश ठाकुर ने दिए सुधार के निर्देश

 बड़सर/हमीरपुर:-  भारतीय जनता पार्टी ढटवाल मंडल की समीक्षा बैठक मंडल अध्यक्ष यशवीर पटियाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल बतौर मुख्य अतिथि तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला आईटी संयोजक अभिषेक दत्त सहित मंडल के सभी मोर्चों के संयोजक एवं पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

 

बैठक में जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने ढटवाल मंडल में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक आयोजित किए गए पार्टी कार्यक्रमों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसंपर्क अभियानों, संगठन विस्तार तथा विभिन्न मोर्चों की गतिविधियों की समीक्षा की।

 

इस दौरान पार्टी द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों के साथ-साथ संगठनात्मक कार्यों में रही कमियों और उनके सुधार के संभावित क्षेत्रों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

 

राकेश ठाकुर ने कहा कि ढटवाल मंडल में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई है और मंडल ने कई क्षेत्रों में प्रभावी कार्य किया है। हालांकि, संगठन को और मजबूत बनाने के लिए जहां उपलब्धियां हुई हैं, उन्हें निरंतर आगे बढ़ाने के साथ-साथ जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, वहां विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

 

उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से तय होती है। इसलिए प्रत्येक बूथ पर नियमित संपर्क, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और पार्टी के कार्यक्रमों की प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, नए एवं युवा कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा प्रत्येक मोर्चे को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप नियमित गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया।

 

जिलाध्यक्ष ने आईटी और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग को भी समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश भाजपा की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा का उद्देश्य केवल कमियां गिनाना नहीं, बल्कि उन्हें दूर करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करना है।

 

उन्होंने मंडल पदाधिकारियों से आगामी समय में अधिक सक्रिय, योजनाबद्ध और बूथ-केंद्रित संगठनात्मक कार्य सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी के प्रति जवाबदेह रहते हुए संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

 

विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। मंडल अध्यक्ष यशवीर पटियाल ने बैठक में मंडल की गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की।

 

 

[post-views]