



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैल का निरीक्षण किया गया।


इस दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं तथा मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया।



अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ से विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति के बारे में जानकारी ली तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।







उन्होंने लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर सीएमओ द्वारा कृष्णा लैब के रिकॉर्ड की भी जांच की गई तथा रिकॉर्ड के रखरखाव और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।



उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।


वहीं, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री द्वारा स्वास्थ्य केंद्र झनियारी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा आवश्यक रिकॉर्ड का जायजा लिया और कर्मचारियों को लोगों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने कहा कि जिला स्तर पर सभी स्वास्थ्य केन्द्रों का चरणबद्ध तरीके से निरीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करने, कमियों को दूर करने तथा आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण एवं निगरानी की प्रक्रिया को निरंतर जारी रखा जाएगा।












