स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने आम जनता से स्वाइन फ्लू (इन्फ्लूएंजा) से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

 

उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के दौरान वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सकीय परामर्श लें।

 

 

विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा पहले से किसी बीमारी से ग्रसित लोगों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सीएमओ ने लोगों से खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकने, नियमित रूप से हाथ धोने, भीड़ भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने की अपील की।

 

उन्होंने कहा कि बिना चिकित्सीय सलाह के दवाइयों का सेवन न करें।

डॉ. फोतेदार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जिले में मौसमी बीमारियों की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है तथा सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि स्वाइन फ्लू के लक्षणों को नजरअंदाज न करें, घबराएं नहीं और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।

जागरूकता और सावधानी से संक्रमण के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है।

 

[post-views]