04 अक्टूबर को होगी स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर द्वारा विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता, राष्ट्रबोध एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतियोगिता का आयोजन 04 अक्टूबर, 2026 (रविवार) को होगा। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।

जिला संयोजक हर्ष ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 14 सितंबर से 26 सितंबर, 2026 तक किया जाएगा। पंजीकरण शुल्क ₹30 प्रति विद्यार्थी निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार ₹31,000, द्वितीय ₹21,000, तृतीय ₹15,000 तथा शीर्ष 3 विद्यार्थियों को ₹11,000 का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं जिला स्तर पर प्रथम ₹10,000, द्वितीय ₹7,000, तृतीय ₹5,000 तथा शीर्ष 5 विद्यार्थियों को ₹1,100 का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। राज्य एवं जिला स्तर के सभी टॉपर विद्यार्थियों को ट्रॉफी से भी सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल ₹6,22,500 के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

हर्ष ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल पाठ्यक्रम तक सीमित शिक्षा पर्याप्त नहीं है। देश-दुनिया, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, समसामयिक विषयों एवं समाज से जुड़े विभिन्न विषयों का ज्ञान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं और उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों में ज्ञान, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रबोध विकसित करना इस प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य है।

जिला संयोजक हर्ष ने हमीरपुर जिला सहित प्रदेश के सभी विद्यालयों में अध्ययनरत 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने के साथ-साथ भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी प्रेरित करेगी।

 

[post-views]