



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी.पब्लिक स्कूल आलमपुर कांगड़ा हिमाचल प्रदेश हिंदी दिवस बड़े ही उल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, उसके गौरवशाली इतिहास तथा समृद्ध साहित्यिक विरासत से परिचित करवाना और उनमें हिंदी के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना को प्रबल करना रहा।


हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।




विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सृजनात्मकता का परिचय देते हुए कविता वाचन, नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग, दोहा वाचन तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।








इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की विविधता, भाव-समृद्धि और अभिव्यक्ति की शक्ति को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।


छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी भाषा के महत्व, दैनिक जीवन में इसके प्रयोग तथा वर्तमान समाज में हिंदी की भूमिका पर प्रकाश डाला।



उनकी रचनात्मक प्रस्तुतियों ने न केवल हिंदी साहित्य के प्रति उनके लगाव को दर्शाया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि भाषा हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जोड़ने का सशक्त माध्यम है।


इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अध्यापकों को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके वैज्ञानिक एवं तार्किक पक्ष को विद्यार्थियों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है और इसके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा हिंदी साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। हिंदी दिवस के इस आयोजन ने विद्यालय में हिंदी भाषा के प्रति गौरव और सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया तथा पूरे विद्यालय परिसर में हिंदी के प्रति प्रेम और स्वाभिमान की भावना देखने को मिली।












