



बड़सर/हमीरपुर:- भारतीय जनता पार्टी मंडल बड़सर की मासिक बैठक होटल सागर व्यू में मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।


इसके अतिरिक्त जिला महामंत्री एवं मंडल प्रभारी अजय रिंटू तथा जिला आईटी संयोजक अभिषेक दत्त शर्मा ने भी बैठक में भाग लिया।




बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा ने पिछले महीने संगठन द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने आगामी समय में संगठन की ओर से किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा भी कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी।








जिला महामंत्री एवं मंडल प्रभारी अजय रिंटू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी संगठनात्मक अभियानों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।



उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा।




उन्होंने अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



लाभार्थियों से संपर्क कर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश
विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम 20 लाभार्थियों से संपर्क करने और उनके घर जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर 100 घरों में दीप प्रज्वलित करवाने तथा बच्चों एवं विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करने सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को सेवा, समर्पण और जनसंपर्क की भावना के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
क्रिटिकल केयर यूनिट बड़सर का कार्य जल्द शुरू करने की मांग

बैठक समाप्त होने के बाद भाजपा मंडल बड़सर ने मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा की अध्यक्षता में एसडीएम बड़सर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सिविल अस्पताल बड़सर में प्रस्तावित क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करवाने की मांग उठाई गई।
भाजपा मंडल ने मांग की कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस महत्वपूर्ण परियोजना के कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके।











