



लम्बलू/हमीरपुर:- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर में हाल ही में संपन्न हुई जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरठयाण के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है।


इस प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। विद्यालय के छात्र योगराज ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कुराश स्पर्धा में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर पूरे जिले में प्रथम स्थान हासिल किया।




इसके साथ ही योगराज ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय देते हुए कुश्ती (रेसलिंग) प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया।








इसी विद्यालय के एक अन्य होनहार छात्र तरुण शर्मा ने भी कुराश के कड़े मुकाबले में बेहतरीन दांव-पेंच दिखाते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अर्जित कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।छात्रों की इस शानदार खेल उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य करण सिंह पठानिया ने दोनों विजेता छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय विद्यालय के डीपीई (DPE) राकेश कुमार के कुशल मार्गदर्शन और कठोर प्रशिक्षण को दिया। प्रधानाचार्य ने डीपीई राकेश कुमार को भी इस बेहतरीन सफलता के लिए विशेष रूप से बधाई व शुभकामनाएं दीं। छात्रों की इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय स्टाफ और स्थानीय क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

















