एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में पांच दिवसीय सिविल डिफेंस ट्रेनिंग कैंप का शुभारंभ

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-   नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर में आज पांच दिवसीय सिविल डिफेंस ट्रेनिंग कैंप का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 21 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।

 

जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक सहायता, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तथा सामुदायिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कौशलों से प्रशिक्षित करना है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक तथा महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों को जिला हमीरपुर स्थित हिमाचल होमगार्ड की 10वीं बटालियन के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा आपदा प्रबंधन एवं सिविल डिफेंस से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

 

शिविर के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय की उप-प्राचार्या प्रोफेसर नीलम गुलेरिया ने उपस्थित प्रतिभागियों एवं प्रशिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और सेवा भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पूरी लगन और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया तथा होमगार्ड के विशेषज्ञों का महाविद्यालय में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम का आधिकारिक शुभारंभ 10वीं बटालियन होमगार्ड के प्रतिनिधियों एवं महाविद्यालय के प्रमुख समन्वयकों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर एनसीसी के एएनओ डॉ. समजीत सिंह ठाकुर, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर विनोद चंद एवं प्रोफेसर हर्षा सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार करेगा। महाविद्यालय द्वारा आयोजित यह पहल समाज के प्रति जिम्मेदार, जागरूक और सक्षम युवा शक्ति के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

[post-views]