



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के सहायक अभियंता सौरभ राय ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगवाने के कार्य में बिजली बोर्ड और संबंधित कंपनी के कर्मचारियों के साथ सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि मीटर बदलने का यह कार्य केंद्र सरकार की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (मीटरों की स्थापना और संचालन) संशोधन विनियम, 2026 के तहत किया जा रहा है।



यह कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना है। इसलिए, किसी भी तरह की अफवाह या भ्रांति में आए बगैर सभी उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग करें।







सहायक अभियंता ने बताया कि हाल ही में गौड़ा के एक उपभोक्ता ने स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में सहयोग नहीं किया था।


बिजली बोर्ड को मजबूरन उस उपभोक्ता की विद्युत आपूर्ति काटनी पड़ी। बाद में उपभोक्ता द्वारा लिखित सहमति प्रदान करने पर स्मार्ट मीटर लगाया गया और उसकी विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।

















