



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक हमीरपुर में शुक्रवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक संस्था प्रजापिता ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक हमीरपुर के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने की। जबकि, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर दलीप सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

ईसीएचएस अधिकारियों, कर्मचारियों और भूतपूर्व सैनिकों को दिया नशा निवारण का संदेश




इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय की दीदी ज्योति ने पॉलीक्लीनिक के अधिकारियों, चिकित्सकों, अन्य कर्मचारियों तथा भूतपूर्व सैनिकों को नशे से बचाव और मेडिटेशन एवं अध्यात्म से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने ध्यान एवं योग की कई क्रियाओं का अभ्यास भी करवाया।







प्रजापिता ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय की दीदी ज्योति ने की सरलता, शांत मन, मानवीयता और करुणा के साथ कार्य करने की अपील


दीदी ज्योति ने कहा कि अपने जीवन, परिवार और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को मेडिटेशन यानि ध्यान तथा नैतिक मूल्यों को अपनाना होगा।



ईसीएचएस की सेवाओं की सराहना करते हुए दीदी ज्योति ने कहा कि हम अपनी दिनचर्या में सरलता एवं सहजता, शांत मन, मानवीयता और करुणा के साथ कार्य करते हुए एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं तथा नशे जैसी बुराई को दूर कर सकते हैं। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय की अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखे।


विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर दलीप सिंह ने प्रजापिता ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय के कार्यों की सराहना की। ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक हमीरपुर के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने दीदी ज्योति और अन्य वक्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में भूतपूर्व सैनिक भी बहुत बड़ा योगदान दे सकते हैं। नशे की समस्या के उन्मूलन के लिए सभी भूतपूर्व सैनिकों को अपने-अपने क्षेत्रों में यथासंभव योगदान के लिए आगे आना चाहिए।












