‘मन की बात’ जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा का सशक्त माध्यम: कमलेश कुमारी

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी ने बूथ नंबर 54, भोरंज-2 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण को कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ सुना। इस अवसर पर बूथ बैठक का भी आयोजन किया गया।

कमलेश कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों के सामने राष्ट्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषय रखे। उन्होंने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ नीति को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री जी ने बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  ने जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम में 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज होने की बात भी सामने रखी गई।

 

कमलेश कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वर्गीय अशोक सिंघल जी की जन्मशती पर उनके राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति योगदान को याद किया।

 

साथ ही गुजरात के मोढेरा सूर्य मंदिर के एक हजार वर्ष के इतिहास और मोढेरा के भारत के प्रथम 24×7 सोलर विलेज के रूप में विकसित होने का उल्लेख भी प्रेरणादायक रहा।

 

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में सुंदरबन की महिलाओं द्वारा मैंग्रोव संरक्षण के साथ आजीविका अर्जित करने, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्त युवा अभियान जैसे विषयों का उल्लेख समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। नशा मुक्त युवा अभियान को 100 सप्ताह तक चलाए जाने की बात भी प्रधानमंत्री जी ने रखी।

 

कमलेश कुमारी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री जी का संवाद नहीं, बल्कि जनभागीदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से प्रधानमंत्री जी के संदेशों को अपने जीवन और सामाजिक कार्यों में अपनाने का आह्वान किया।

[post-views]