



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय (एनएससीबीएम), हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के तत्वावधान में अंतर-महाविद्यालय युवा उत्सव ग्रुप-II (संगीत) का आयोजन 13 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इस पांच दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेकर अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस प्रतिष्ठित युवा उत्सव में लगभग 40 महाविद्यालयों के करीब 500 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। विद्यार्थियों के लिए विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें शास्त्रीय गायन (एकल), शास्त्रीय वाद्य संगीत एकल (गैर ताल वाद्य), शास्त्रीय वाद्य संगीत एकल (ताल वाद्य), हल्का भारतीय गायन, पाश्चात्य गायन एकल, भारतीय समूह गीत, लोक ऑर्केस्ट्रा, लोक गीत, पाश्चात्य समूह गीत तथा पाश्चात्य वाद्य संगीत एकल शामिल हैं।



युवा उत्सव का शुभारंभ 13 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को प्रातः 10:00 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एर. सुनील शर्मा ‘बिट्टू’, राजनीतिक सलाहकार माननीय मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश होंगे।






महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह ने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक चेतना के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर रहा है तथा प्रतिभागी विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।



आयोजन सचिव डॉ. पूनम शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं टीमों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सहयोग और रचनात्मकता को बढ़ावा देगा।












