



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने आज ग्राम पंचायत बफरी में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उनके आगमन पर पंचायत प्रधान अनु ठाकुर, पूर्व उपप्रधान अश्विनी ठाकुर, तिलक राज शर्मा, दिलेर चंद सहित स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। पंचायत प्रधान अनु ठाकुर ने टोपी और शॉल पहनाकर, जबकि युवा कांग्रेस के विनय चौहान ने तलवार भेंट कर डॉ. वर्मा को सम्मानित किया।

बफरी में जनसभा को किया संबोधित; सड़क कार्यों के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और डॉ. वर्मा का जताया आभार




इस अवसर पर पंचायत प्रधान अनु ठाकुर और पूर्व उपप्रधान अश्विनी ठाकुर ने सुलगान–बफरी सड़क के नवीनीकरण एवं पक्का करने के कार्य के लिए करोड़ों रुपये की राशि तथा बफरी–हरनेड़ सड़क की मरम्मत के लिए नौ लाख रुपये उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।







जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सोच प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना और ग्रामीण विकास को गति देना है।




उन्होंने कहा कि सड़कें विकास का आधार हैं और बेहतर संपर्क सुविधा से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा बाजार तक लोगों की पहुंच सुगम होती है।






डॉ. वर्मा ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र को सिटी सेंटर की सौगात देने के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल हमीरपुर के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



उन्होंने एम्बुलेंस संपर्क सड़कों को अलग श्रेणी के रूप में मान्यता देने और इनके लिए दिशा-निर्देश मंजूर करने के निर्णय की सराहना की। डॉ. वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकाल के दौरान एम्बुलेंस की पहुंच सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। ऐसी सड़कों के निर्माण और बेहतर रखरखाव से लोगों को समय पर उपचार तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
डॉ. वर्मा ने ग्रामीणों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं के लिए 80 रुपये प्रति किलो, मक्की के लिए 50 रुपये प्रति किलो, कच्ची हल्दी के लिए 150 रुपये प्रति किलो तथा अदरक के लिए 30 रुपये प्रति किलो की खरीद दर निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इन प्रोत्साहनकारी दरों से किसानों की प्राकृतिक खेती में रुचि बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता घटाने तथा मिट्टी, पर्यावरण और स्वास्थ्य के संरक्षण में योगदान देने का आग्रह किया।
रोजगार के विषय पर डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रदेश मंत्रिमंडल द्वारा विभिन्न विभागों में करीब 14 हजार पदों को स्वीकृति देना युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से सरकारी सेवाओं को मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे लोगों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रदेश तथा हमीरपुर जिले के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद किया।





