बिना पंजीकरण रह रहे प्रवासियों के मामलों में सख्ती, एसडीएम ने भूमि मालिकों को जारी किए नोटिस

नादौन/हमीरपुर:- उपमंडल नादौन में बिना उचित पुलिस पंजीकरण एवं सत्यापन के रह रहे प्रवासियों के मामलों को लेकर प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इस संबंध में संबंधित भूमि मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, नगर परिषद नादौन द्वारा खुले में शौच के मामलों को लेकर भी नोटिस जारी किए गए हैं।

नगर परिषद नादौन ने खुले में शौच को लेकर भी जारी किए नोटिस

इसके अतिरिक्त एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने तहसीलदारों को पत्र लिखकर उपमंडल के विभिन्न गांवों में बनी प्रवासियों की झुग्गियों का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत झुग्गियों की कुल संख्या, उनमें रह रहे लोगों की संख्या तथा अन्य आवश्यक विवरण एकत्रित किए जाएंगे।

पूरे नादौन उपमंडल में रह रहे प्रवासियों का तहसीलदारों से मांगा ब्योरा

एसडीएम ने बताया कि दिन पहले किए गए निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।अब पूरे उपमंडल में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रवासियों के पुलिस पंजीकरण एवं सत्यापन की जांच की जाएगी। जहां नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां संबंधित तथ्यों एवं लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बिना उचित सत्यापन के लोगों को अपने मकान या भूमि पर ठहराने वाले भूमि मालिकों की जिम्मेदारी की भी जांच की जाएगी तथा नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हाल ही में आसपास के क्षेत्रों में सामने आई कुछ गंभीर आपराधिक घटनाओं के संदर्भ में ऐसे व्यक्तियों की संलिप्तता की बातें भी सामने आई हैं, जिनका संबंधित पंजीकरण एवं सत्यापन उपलब्ध नहीं था। ऐसे में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की दृष्टि से सभी व्यक्तियों का उचित पंजीकरण एवं सत्यापन सुनिश्चित करना आवश्यक है।

 

एसडीएम ने आमजन से अपील की कि वे अपनी भूमि, मकान अथवा अन्य परिसर में किसी व्यक्ति को किराये या अन्य आधार पर ठहराने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। साथ ही, उचित किरायानामा अथवा लिखित समझौता तैयार करें और अपने परिसर में रहने वाले व्यक्तियों का पूरा रिकॉर्ड अपने पास भी रखें।बिना पुलिस सत्यापन को किसी व्यक्ति को अपनी भूमि या मकान में ना रहने दें।उन्होंने कहा कि सुरक्षा, स्वच्छता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन का सहयोग आवश्यक है।

 

 

 

[post-views]