डी.ए.वी. आलमपुर में सहज योग ध्यान कार्यक्रम का आयोजन

आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल आलमपुर जिला काँगड़ा हिमाचल प्रदेश में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आत्मचिंतन, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सहज योग ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र के अपराध अन्वेषण विभाग (सी.आई.डी.) के सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दिलीप अहिवाले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वे मुख्य राज्य दस्तावेज़ परीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए।

 

उन्होंने महाराष्ट्र सी.आई.डी. के अंतर्गत नागपुर, औरंगाबाद, मुंबई तथा पुणे में फॉरेंसिक दस्तावेज़ प्रभाग की विभिन्न इकाइयों में प्रमुख के रूप में भी सेवाएँ प्रदान की हैं। उनका अनुभव एवं कार्यक्षेत्र कार्यक्रम के लिए विशेष महत्व रखता है।

सहज योग की टीम ने नाटकों, नृत्य, गायन एवं विभिन्न योग मुद्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से सहज योग का संदेश दिया। इन प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों को सहज योग के महत्व, आत्मचिंतन, आंतरिक शांति तथा सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सहज योग की संस्थापिका परम पूज्य श्री माताजी निर्मला देवी जी के विचारों एवं ध्यान पद्धति के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सहज योग के विभिन्न आध्यात्मिक पहलुओं, चक्रों, नाड़ियों तथा कुंडलिनी के महत्व से अवगत करवाया गया।

 

साथ ही, ध्यान के नियमित अभ्यास, एकाग्रता, सकारात्मक सोच और आंतरिक शांति के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करना रहा।

 

इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अपने आंतरिक विकास और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य  सुरजीत कुमार राणा ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि  दिलीप अहिवाले, सहज योग से जुड़े प्रतिनिधियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

 

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया तथा विद्यार्थियों के जीवन में ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रमों की उपयोगिता पर बल दिया।

[post-views]