




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन जिला हमीरपुर की मासिक बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एसके कौड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई । बैठक की कार्यवाही का संचालन महासचिव मनोहर लाल कानूनगो ने किया ।विश्व उपभोक्ता दिवस दिनांक 15 मार्च 2024 को सहकारी सभा चलोखर में मनाया गया। इस समारोह को सफलतापूर्वक मनाने के लिए संगठन के सभी माननीय सदस्यों एवं डीएफएससी हमीरपुर का धन्यवाद किया ।
बैठक में वार्ड नंबर आठ में उचित मूल्य की दुकान पुनः आरंभ करने के लिए जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले हमीरपुर का धन्यवाद किया क्योंकि यह मांग संगठन द्वारा काफी लंबे समय से उठाई जा रही थी ।
उपस्थित संगठन के माननीय सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया के जिला के अनुभवी जुझारू एवं परवुध लोगों को सदस्यता दी जाए ताकि उनके बहुमूल्य सुझाव से लेकर संगठन को सुदृढ़ बनाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं हमीरपुर के विकास को अग्रसर किया जा सके ।
बैठक में माननीय सदस्यों ने संगठन के ध्यान में यह बात लाई की धनेड पटवारखाना के भवन को 2 वर्ष पूर्व गिरा दिया गया था जिससे पटवारी लोगों के घर में बैठकर काम निपटा रहे हैं जिससे स्थानीय लोगों को अपने काम करवाने में असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है ।कई बार उपायुकत महोदय को इस बारे स्थानीय लोगों द्वारा अवगत करवाया गया है परंतु अभी तक इस बारे कोई प्रगति देखने में नहीं आ रही है ।
अतः संगठन उपभोक्ताओं की कठिनाई को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से अविलंब पटवार घर के शीघ्र भवन निर्माण बारे आग्रह करता है ।
संगठन के माननीय सदस्यों ने चिंता प्रकट करते हुए मेडिकल कॉलेज एवं विभिन्न बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है जिससे वरिष्ठ नागरिक अपने आप को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं जीवन के अंतिम पड़ाव में देर तक बुजुर्ग लोगों को उपचार हेतु प्रतीक्षा लंबे समय तक करनी पड़ती है। अतः संगठन यह मांग करता है कि उन्हें उपचार में अतिशीघ्र वरीयता के आधार पर उपचार किया जाए। इसके अतिरिक्त बैंकों में लंबी-लंबी लाइनों से बचने के लिए वरिष्ठ नागरिकों को अलग से लाइन लगाई जाए ।
इस बैठक में सर्वश्री पी एन शर्मा ,मनसुख पठानिया, बलबीर पटियाल, हेमराज शर्मा, रमेश चंद ,अनिरुद्ध डोगरा व अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


















