




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- सुजानपुर से कांग्रेस उम्मीदवार कैप्टन रणजीत राणा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूर्व विधायक राजेंद्र राणा 15 साल से क्षेत्र की जनता को ठग रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में कोई विकास नहीं करवाया। वह वर्तमान सरकार में सिर्फ मंत्री बनने के लिए जोर लगाते रहे, विकास कार्यों के लिए एक बार भी मुख्यमंत्री के पास नहीं गए।
मुख्यमंत्री के साथ मिलकर सुजानपुर के विकास को लगाएंगे चार चांद
उन्होंने कहा कि सुजानपुर के विकास के लिए वह प्रतिबद्ध हैं, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मिलकर वह क्षेत्र के विकास को चार चांद लगाएंगे। पूर्व विधायक राणा ने विकास के नाम पर 15 साल लोगों को गुमराह किया। दो महीने पहले वह चुपके से भाजपा में आकर घुस गए।
कांग्रेस का लोकसभा उम्मीदवार घोषित होने पर जीत के लिए जुटेंगे
अब तक वह चार बार पाला बदल चुके हैं। राजेंद्र पहले भाजपा थे, फिर आजाद, उसके बाद कांग्रेस और अब दोबारा भाजपा में आए हैं। उनके विधायक रहते सुजानपुर की अनदेखी हुई है। पूर्व विधायक के बार-बार पाला बदलने से लोगों में आक्रोश है। लोगों को समझ ही नहीं आ रहा था कि जाएं कहां, इसलिए मैंने सुजानपुर के लोगों की लड़ाई लड़ने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री खुद कह चुके हैं कि यही समझें वह ही सुजानपुर के विधायक हैं।
उनके साथ मिलकर मैं क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करूंगा, चाहे वह सड़कों का निर्माण हो या अन्य कार्य, अब सुजानपुर की जनता खुद को ठगा महसूस नहीं करेगी। रणजीत राणा ने कहा कि वह जीत दर्ज करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल का आशीर्वाद लेने जाएंगे। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार घोषित होंगे पर जीत के लिए पूरा जोर लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बहुत नेकदिल इंसान हैं। वह गरीब व वंचित वर्ग के लिए काम करते हैं। उनके जैसा मुख्यमंत्री मिलना मुश्किल है, वह हर व्यक्ति की पीड़ा को समझते हैं। इसके पीछे सबसे बड़ी बात यह है कि वह गरीव घर से हैं और संघर्ष करने के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। उन्होंने आपदा के समय बहुत ही अच्छा कार्य किया है।


















