बोहणी में विश्व मधुमेह दिवस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन 

 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-   जिला हमीरपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक।विद्यालय बोहणी में विश्व मधुमेह दिवस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला हमीरपुर डॉ. सतीश कुमार फोतेदार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मधुमेह जैसी गंभीर एवं तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्या के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

 

इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भाषण एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

 

इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मधुमेह से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश अपने विचारों और रचनात्मक नारों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

 

भाषण प्रतियोगिता में नंदिनी ने प्रथम, अनिका ने द्वितीय तथा खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में अवंतिका ने प्रथम, अनन्या ने द्वितीय तथा शालिनी भाटिया ने तृतीय स्थान हासिल किया।

 

 

इस अवसर पर जन शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी सुनील कुमार रांगडा ने विद्यार्थियों को मधुमेह (डायबिटीज) के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

 

उन्होंने बताया कि मधुमेह एक ऐसी बीमारी है, जिसमें शरीर में रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) का स्तर सामान्य से अधिक हो जाता है। समय पर इसकी पहचान, नियमित जांच एवं उचित सावधानियां बरतकर इसके दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को मधुमेह के प्रमुख लक्षणों, कारणों, जोखिम कारकों तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी।

 

उन्होंने बताया कि अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अचानक वजन कम होना, थकान महसूस होना तथा घाव भरने में अधिक समय लगना मधुमेह के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं।

 

ऐसे लक्षण दिखाई देने पर स्वास्थ्य संस्थान में जांच करवाना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को बताया कि असंतुलित खान-पान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, मोटापा एवं अनियमित दिनचर्या मधुमेह के खतरे को बढ़ा सकते हैं।

 

इससे बचाव के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना, जंक फूड और अधिक मीठे पदार्थों के सेवन से बचना, नियमित व्यायाम करना तथा प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद जरूरी है।

 

 

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित शारीरिक गतिविधियां करने तथा स्वयं और अपने परिवार को मधुमेह के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

 

[post-views]