




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- अभी हाल ही में संपन्न हुए लोक सभा चुनावों में देश की जनता ने अपने जनादेश में स्पष्ट कर दिया है कि भारत को किसी एक सीमा में नहीं बांधा जा सकता है। हिंदोस्तान की धरा को सींचने में सभी धर्मों सभी जातियों का बराबर का योगदान है। ऐसे में एक दल के नेरेटिव को जिस प्रकार जनता ने नकारा है वह स्वागत योग्य है।
देश को तुष्टिकरण की राजनीति पसंद नहीं
देश की जनता द्वारा इंडिया गठबंधन पर जताए गए विश्वास से तय हो गया है कि देश की जनता आपस में प्रेम और भाईचारे से रहना चाहती है, इसलिए देश की जनता ने तानाशाही के खिलाफ वोट देकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। यह बात प्रैस को जारी बयान में कांग्रेस के मीडिया कोऑर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने कही।
जनादेश तानाशाही रवैये के खिलाफ
उन्होंने कहा कि जो नेरेटिव भाजपा ने लोकसभा चुनावों में सेट किया था वह धराशायी हुआ। भाजपा के 400 पार के नारे को जनता ने सिरे से नकारते हुए भाजपा को उनकी असलियत से वाकिफ करवा दिया है।
बैसाखियों के सहारे चकेगी अब भाजपा
कहां तीसरी बार भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने की ढींगे हांक रही थी लेकिन अब बैसाखियों की नौबत से विश्व की सबसे बड़े राजनीतिक दल का दावा करने वाली भाजपा की कलई खुल गई है। संदीप सांख्यान ने कहा कि देश मे कांग्रेस का विपरीत परिस्थियों में भी प्रदर्शन बहुत उम्दा साबित हुआ है।
जनमत से यह साबित होता है कि लोग तुष्टीकरण की राजनीति को पसंद नहीं करते हैं और देश को सामाजिक न्याय चाहिए, देश को रोजगार चाहिए, देश की महंगाई की मार नहीं चाहिए। सांख्यान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनावों के जो परिणाम आए हैं, बेशक उसमें कांग्रेस भले ही बैक फुट पर आई हो लेकिन उनसे यह भी साबित होता है कि भाजपा का प्रदेश में वोट बैंक घटा है और प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कोई खतरा नहीं है। 6 विधानसभा सीटों में 4 पर कांग्रेस की जीत यह साबित करती है कि प्रदेश में खरीद फरोख्त की राजनीति को लोंगो ने नकारा है और प्रदेश में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सूक्खु की योजनाओं और कार्यशैली पर लोंगो ने मुहर लगाई है।
जिस तरह से चुनावों से पहले कांग्रेस के खाते सील कर दिए थे और भाजपा ने देश और प्रदेश में जिस धनबल का उपयोग किया उससे साफ हो गया है कि देश और प्रदेश में भाजपा के धन.बल के आगे कांग्रेस का जन.बल लड़ा है और प्रदेश के इस जनबल ने कांग्रेस की प्रतिष्ठा की कड़ी में एक मजबूत नीव रखी
है।
संदीप सांख्यान ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस अपनी बहुद्देश्यीय
योजनाओं पर काम करेगी और प्रदेश की जनता से किए गए वादों को निभाएगी। उन्होंने कहा कि सेंटर में 240 सीटों पर सिमटी भाजपा का वोट शेयर गिरा है बनिस्पत इसके कांग्रेस की लोकसभा में सीटे बढ़ी है और वोट शेयर भी बहुत बढ़ा है। इससे साफ झलकता है कि भाजपा के कुशासन और नीतियों से आमजनता परेशान तो थी ही लेकिन भाजपा का नैरेटिव भी असफल साबित हो चुका है। अब भविष्य में यह तय हो चुका है कि देश और प्रदेश में कांग्रेस विकास की योजनाओं में बेरोजगारी, सामाजिक न्याय, महंगाई जैसे संवेदनशील मसलों पर काम कर प्रदेश में विकास की इबारत लिखेगी।



















