कारगिल विजय दिवस पर भाजयुमो करेगा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ  :-  भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल हमीरपुर इकाई ने पूर्व सैनिकों,उनके परिवारों व आम लोगों के लिए कारगिल विजय दिवस 26 जुलाई के दिन निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के लिए गांधी चौक हमीरपुर में स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्णय लिया है ।

इस स्वास्थ्य शिविर में सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रयास संस्था के सौजन्य से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीमें अपना सहयोग उपलब्ध करवाएंगी ।

युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष दीक्षित गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि कारगिल विजय दिवस का आयोजन अपने आप मे महत्वपूर्ण है क्योंकि इस दिन भारतीय सेना के जाबांज सैनिकों ने पाकिस्तानी सेना को परास्त कर कारगिल युद्ध मे विजय प्राप्त की थी,हालांकि इस दौरान पूरे देश के साथ साथ देवभूमि व वीरभूमि हिमाचल प्रदेश के भी सैकड़ों सैनिकों ने अपनी शहादत दी थी । देश सदैव वीर सैनिकों व उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञ रहेगा ।

वीर सैनिकों की याद में गांधी चौक पर विजय दिवस की पूर्व संध्या से एक ज्योति भी प्रज्वल्लित की जाएगी ।

दीक्षित गौतम ने सभी लोगों से इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया है । जिसमें स्वास्थ्य जांच,रक्त जांच व मरीजों को दवाईयों का वितरण निःशुल्क रहेगा ।

भाजयुमो अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर 10 बजे से शुरू होगा व 2 बजे तक रहेगा तत्पश्चात 3 बजे से टाऊन हाल हमीरपुर में कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा ।

[post-views]