



भोरंज/हमीरपुर:- हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में पहली कक्षा से पांचवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए संचालित 600 से अधिक “एक से श्रेष्ठ” केंद्रों पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।


पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में संचालित इन केंद्रों में वन महोत्सव पर पेंटिंग प्रतियोगिता योग दिवस पर योग प्रतियोगिता एवं गणित प्रतियोगिता आयोजित की गई ।




इन प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों के लिए विभिन्न क्लस्टर बनाकर भव्य पुरस्कार वितरण समारोहों का आयोजन किया गया।






भोरंज विधानसभा के ग्राम पंचायत महल में इस अवसर पर पुरस्कर वितरण समारोह का आयोजन किया गया जिसमें 11 केंद्रों से आए लगभग 185 अभिभावकों व छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


समारोह के दौरान प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 केंद्रों के 33 मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों में रचनात्मकता, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।



कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने अनुराग सिंह ठाकुर भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




















