



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जिला में एंटी चिट्टा अभियान, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, आपदा प्रबंधन और अन्य अभियानों एवं जागरुकता गतिविधियों में ‘माई भारत’ (मेरा युवा भारत) के वॉलंटियरों का सहयोग भी लें, ताकि इनमें जिला के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

माई भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का करवाएं पंजीकरण



मंगलवार को यहां हमीर भवन में ‘माई भारत’ की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि सभी जिलों में नेहरू युवा केंद्र संगठन की जगह अब माई भारत के केंद्र स्थापित किए गए हैं।






माई भारत की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में डीसी ने दिए निर्देश


इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए माई भारत पोर्टल बनाया गया है। इस पोर्टल में 15 से 29 वर्ष तक के युवाओं के ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई है।



इस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण से युवाओं को माई भारत के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों की अपडेटड जानकारी मिलती रहेगी और वे इन गतिविधियों में भाग ले सकेंगे। उपायुक्त ने शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों को माई भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।


गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित गतिविधियों के सफल आयोजन एवं इनके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए माई भारत के वॉलंटियरों, युवा क्लबों और अन्य संगठनों की मदद ले सकते हैं।
बैठक में माई भारत की जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों को विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया तथा संबंधित अधिकारियों से माई भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं के पंजीकरण में सहयोग का आग्रह किया। उन्हांेने बताया कि जिला में अभी हाल ही में 14 नए स्वयंसेवियों की नियुक्ति की गई है। इससे जिला में माई भारत की गतिविधियों को बल मिलेगा।


















