



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व विधायक एवं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी ने कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार से भोरंज विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा जनता के सामने रखने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत विकास कार्यों और वर्तमान सरकार के कार्यों की क्या स्थिति है।



पूर्व विधायक ने चार वर्षों का गांववार और विभागवार रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की उठाई मांग








कमलेश कुमारी ने कहा कि उनके विधायक कार्यकाल के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया।


सड़क सुविधा के विस्तार के लिए धरियाड़ा-पंजोत, डेरा परोल-आवाहदेवी वाया कंज्यान-बगवाड़ा, बस्सी-आवाहदेवी वाया बधानी-चंबोह, बढ़ार चौक-झनिकर, पट्टा-आवाहदेवी वाया तरकवाड़ी, कलाऊ-कांगूगलू वाया अमरोह, मतलाना-भुआना तथा नगरोटा-धीरड़ सहित अनेक सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्य करवाए गए, जिससे क्षेत्र के विभिन्न गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने में मदद मिली।



उन्होंने कहा कि पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य किया गया। व्यास नदी से पानी लाकर मतलाना, वहां से आवाहदेवी होते हुए कोट तक पेयजल पहुंचाने की योजना तथा मालियां-सधरियान पेयजल योजना को और सुदृढ़ बनाने के लिए दूसरी परियोजना को आगे बढ़ाया गया।


इसके अतिरिक्त समीरपुर में जल शक्ति उपमंडल की स्थापना सहित विभिन्न विभागीय कार्य किए गए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पंजोत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बराड़ा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र तथा भरेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से कुछ स्वास्थ्य संस्थानों की सेवाएं बाद में बंद कर दी गईं।
सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इन संस्थानों की सेवाएं बंद करने के क्या कारण रहे और इन्हें दोबारा सुचारू करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
कमलेश कुमारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अमरोह, भुक्कड़, कक्कड़, भरेड़ी और चंबोह के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं उपलब्ध करवाई गईं।

इसके साथ ही जरूरतमंद परिवारों को गृह निर्माण तथा गरीबों, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए गए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक द्वारा भी विभिन्न विकास कार्यों के प्रगति पर होने की जानकारी दी जाती रही है। ऐसे में जनता के सामने यह स्पष्ट होना चाहिए कि पूर्व सरकार के समय स्वीकृत कितने कार्य पूरे हो चुके हैं, कितने कार्य अभी लंबित हैं, वर्तमान सरकार ने कितने नए कार्य स्वीकृत किए हैं और उनमें से कितने कार्य वास्तव में धरातल पर पूरे हुए हैं।
कमलेश कुमारी ने आवाहदेवी के समीप जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की स्वीकृति, बजट, अब तक हुए खर्च और वर्तमान स्थिति का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि जनता को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि भोरंज की जनता विकास कार्यों का स्पष्ट और पारदर्शी हिसाब चाहती है। कांग्रेस विधायक को अपने चार वर्षों के कार्यकाल का गांववार और विभागवार रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि जनता स्वयं यह देख सके कि क्षेत्र में कौन-कौन से कार्य हुए हैं और कौन से कार्य अभी पूरे होने बाकी हैं।











