



भोरंज/हमीरपुर:- एसडीएम शशिपाल शर्मा ने भोरंज उपमंडल के सभी किसानों से अपनी फार्मर आईडी बनवाने की अपील की है। बुधवार को यहां कृषि विभाग और आतमा परियोजना द्वारा आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि कृषि विभाग ने किसानों के पंजीकरण (फार्मर रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया आरंभ की है।

भोरंज में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में एसडीएम शशिपाल शर्मा ने की अपील




इसमें किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा रही हैं। भोरंज उपमंडल में अभी तक लगभग 10,214 किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी हैं।






एसडीएम ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से एक ही आईडी से पीएम-किसान सम्मान निधि और कई अन्य योजनाओं से संबंधित भुगतान में तत्परता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।


फार्मर रजिस्ट्री के दौरान किसान की आधार नंबर से ई-केवाईसी की जाती है और उसकी जमीन का रिकार्ड राजस्व विभाग के डाटा से लिंक किया जाता है। किसान की व्यक्तिगत जानकारी और फसल का विवरण दर्ज करने के बाद फार्मर रजिस्ट्री नंबर या फार्मर आईडी जारी की जाती है।




इस अवसर पर आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान ने बताया कि किसान अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र या कृषि विभाग के कार्यालय में जाकर फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा करवा सकते हैं।


इसके लिए आधार कार्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज जैसे-जमाबंदी या खतौनी, बैंक खाते का विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो और आधार से लिंक्ड मोबाइल नंबर आवश्यक है।
इस कार्यशाला में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश राणा, कृषि विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों तथा किसानों ने भाग लिया।





