



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत देई का नौण ने वह कर दिखाया है जो पूरे प्रदेश के लिए मिसाल है। पिछले वित्तीय वर्ष में पंचायत ने टीबी मुक्त पंचायत का लक्ष्य हासिल कर लिया है। इस बड़ी उपलब्धि के लिए वीरवार को बचत भवन हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय टीबी मुक्त पंचायत सम्मान समारोह में जिला प्रशासन ने पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।

टीबी मुक्त पंचायत का गौरव – हमीरपुर की देई का नौण पंचायत सम्मानित, बचत भवन में मिला जिला प्रशासन का सम्मान



पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने मंच पर जाकर यह गौरवपूर्ण सम्मान ग्रहण किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पंचायत ने घर-घर स्क्रीनिंग, समय पर जांच, मरीजों के इलाज की निगरानी और जागरूकता में 100 फीसदी लक्ष्य प्राप्त किया, जिसके चलते यह सम्मान मिला। इस मौके पर पंचायत प्रधान विक्की विनीता ने कहा कि यह सम्मान केवल एक पंचायत का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों, आशा वर्करों और स्वास्थ्य विभाग की टीम का है। उन्होंने कहा कि यह साबित हो गया है कि गांव चाहे तो बड़ी से बड़ी बीमारी को हरा सकता है। उन्होंने कहा कि जैसे हमने मिलकर टीबी को हराया है, वैसे ही अब हमारा अगला संकल्प गांव को नशा मुक्त बनाना है। घर-घर जाकर युवाओं को जागरूक करेंगे और नशे के खिलाफ भी इसी जज्बे से लड़ाई लड़ेंगे। अगर हम टीबी मुक्त हो सकते हैं तो नशा मुक्त क्यों नहीं?यह सम्मान सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा है।



















