आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और क्रैच सहायिका के लिए आवेदन 27 तक

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  बाल विकास परियोजना हमीरपुर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका तथा क्रैच सहायिका के खाली पदों के लिए पात्र महिलाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 27 अक्तूबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय हमीरपुर में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

 

सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र हमीरपुर के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र मुहान और आंगनवाड़ी केंद्र वार्ड नंबर-7ए में कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाना है। जबकि, नगर निगम क्षेत्र के ही आंगनवाड़ी केंद्र वार्ड नंबर-11सी और वार्ड नंबर-7ए, ग्राम पंचायत नाल्टी के आंगनवाड़ी केंद्र डकोहल और ग्राम पंचायत जंगल रोपा के आंगनवाड़ी केंद्र हार-2 में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा। इनके अलावा नगर निगम क्षेत्र के आंगनवाड़ी कंेद्र वार्ड नंबर-8बी के क्रैच में क्रैच सहायिका का भी एक पद भरा जाना है।

सीडीपीओ ने बताया कि इन पदों के लिए आवेदक की आयु 7 अक्तूबर 2026 को 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के संग्रहण क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए।

 

नगर निगम क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए स्थानीय वार्ड के अलावा साथ लगते वार्ड को भी और ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए पूरी पंचायत को संग्रहण क्षेत्र माना जाएगा।

 

 

क्रैच सहायिका के लिए पूरे नगर निगम क्षेत्र की पात्र महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय पचास हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।

 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास तथा क्रैच सहायिका के लिए मैट्रिक रखी गई है।

इन पदों के लिए साक्षात्कार 31 अक्तूबर को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में होंगे। इस संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय हमीरपुर में या मोबाइल नंबर 94183-65370 पर संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

[post-views]