



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कांग्रेस सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल का खजाना लूटने वाले दिल्ली में वोट चोरी की झूठी नौटंकी कर रहे हैं।

दिल्ली में वोट चोरी की बजाय हिमाचल में खजाना चोरी के नारे लगाएं कांग्रेस नेता




8 अक्तूबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली दौरे पर सवाल उठाते हुए राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री बिना कोई आधिकारिक टूर प्रोग्राम जारी किए, टैक्सपेयर के पैसे से चलने वाले सरकारी हेलिकॉप्टर में बैठकर दिल्ली में कांग्रेस के राजनीतिक आंदोलन में हिस्सा लेने चले गए।






प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा का सरकार पर बड़ा हमला


सरकारी हेलिकॉप्टर को अपनी पार्टी की टैक्सी की तरह इस्तेमाल करना खजाना चोरी नहीं तो और क्या है? वोट चोरी तो अपनी खजाना चोरी के मुद्दे से जनता को भटकाने का बहाना है।




दिल्ली से विकास लाने वाले चाहिए, अपने आकाओं की झोली भरने वाले नहीं


लेकिन प्रदेश की जनता समझदार है। वो जानती है कि अब अपने आकाओं की झोली भरने वाले नहीं, दिल्ली से विकास लाने वाले चाहिए। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि उस चॉपर का तेल-पानी किसके पैसे से भरा गया? चॉपर के इस दिल्ली दौरे का बिल किस मद से भरा जाएगा? और इसकी अनुमति किस नियम के तहत ली गई? राणा ने कहा कि इस सरकार में खजाने की लूट नई नहीं है और कई बार लूटा गया है।
इनकी ही पार्टी के पूर्व सीपीएस, मंत्री के बेटे और पूर्व विधायक ने कुछ माह पहले आरोप लगाया था कि 5 अटैचियां – 3 दिल्ली और 2 हिमाचल में – पहुंचाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने उस पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया, कोई एफआईआर नहीं की, सिर्फ उस नेता को पार्टी से निकाल कर पर्दा डालने की कोशिश की। यह चुप्पी ही सारी लूट का सबूत है।
उन्होंने सवाल किया कि जब भाजपा नेता सरकार पर आरोप लगाते हैं तो उन पर सीधे एफआईआर कर दी जाती है और जब इनकी ही पार्टी के नेता 5 अटैची का आरोप लगाते हैं तो उन पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तो शक और भी गहरा होता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दोहरा चरित्र सामने आ गया है – दिल्ली जाते हैं तो अपने आकाओं की चमचागिरी करते हैं, उनकी जी-हजूरी में खड़े रहते हैं और हिमाचल लौटते ही केंद्र सरकार को मदद न देने का झूठा राग अलाप कर जनता को गुमराह करते हैं।

लोगों में यह भी चर्चा है कि दिल्ली में जो देश के खिलाफ झूठा और गुमराह करने वाला आंदोलन चल रहा है, कहीं उसी आंदोलन के लिए कोई व्यवस्था करके तो नहीं ले गए हैं? कांग्रेस को इस पर स्पष्ट करना चाहिए।
राणा ने कहा कि प्रदेश कर्ज में डूबा है, कर्मचारियों को वेतन देने के लिए बजट नहीं है, फिर भी अपने मित्रों को लूट की खुली छूट दी हुई है। सरकारी विभागों में मित्रों को लूट का लाइसेंस दे दिया गया है।
यह सरकार नहीं, यह खजाना लूटने वाली मंडली है। इसलिए कांग्रेस दिल्ली से हिमाचल पहुंचकर अपनी सरकार पर खजाना चोर के नारे लगाने चाहिए।




