रोटरी क्लब हमीरपुर ने जिला कारागार को कुर्सियां, सीलिंग पंखे और सीडी किए भेंट

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-   रोटरी क्लब हमीरपुर ने अपने सामाजिक सरोकारों के तहत जिला कारागार हमीरपुर में एसडीएम संजीत ठाकुर ब जेल अधिकारी सहायक अधीक्षक पंकज शर्मा की उपस्थिति में आवश्यक उपयोगी सामान भेंट किया।

 

क्लब की ओर से कारागार को कुर्सियां, सीलिंग पंखे तथा सीडी भेंट किए गए। इस पहल का उद्देश्य जिला कारागार में बंदियों और वहां कार्यरत कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

सामग्री भेंट करने के अवसर पर रोटरी क्लब हमीरपुर के प्रधान प्रो. प्रदीप कुमार तथा सचिव रोटेरियन अमरजीत अत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि रोटरी क्लब समाज के विभिन्न वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर सेवा कार्य करता रहा है।

 

क्लब का प्रयास रहता है कि जरूरतमंद संस्थानों और व्यक्तियों को उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप सहयोग उपलब्ध करवाया जाए।

रोटरी क्लब हमीरपुर इससे पहले भी जिला कारागार हमीरपुर को कई महत्वपूर्ण वस्तुएं उपलब्ध करवा चुका है। क्लब द्वारा कारागार को बाहर कूलर, कुर्सियां, वैंच एवं वेल्डिंग सेट सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई है।

 

 

इसके अतिरिक्त, कारागार प्रशासन की अनुशंसा के आधार पर आवश्यक सामान भी भेंट किया जाता रहा है। क्लब की इन गतिविधियों से जरूरतमंदों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है और समाज में सेवा, सहयोग तथा मानवीय संवेदना की भावना मजबूत हो रही है।

इस अवसर पर रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि समाजसेवा केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि आवश्यक संस्थानों को उपयोगी संसाधन उपलब्ध करवाना भी सामुदायिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी जिला कारागार सहित अन्य जरूरतमंद संस्थानों को हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

कार्यक्रम में रोटेरियन जे.पी. अग्निहोत्री, अजायब सिंह बनयाल, रवि शर्मा, प्रवीण कुमार,सुरेंद्र सोनी, विशाल, राकेश शर्मा, अश्बनी पटियाल तथा राकेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना की और समाजहित में ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

 

 

[post-views]