SIRF टियर-1 रैंकिंग में प्रथम स्थान एवं लाइब्रेरी ग्रेडिंग लेवल-IV में प्रदेशभर में प्रथम उपलब्धि के लिए पूर्व प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी सम्मानित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर के स्टाफ सदस्यों द्वारा महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी को महाविद्यालय की दो बड़ी उपलब्धियों में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि उच्च शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित टियर वाइज इंटरनल रैंकिंग ऑफ गवर्नमेंट कॉलेजेज ऑफ हिमाचल प्रदेश (Academic Session 2025-26) में एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर ने टियर-1 श्रेणी में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय ने 1100 में से 1034.5 अंक हासिल कर यह गौरवपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की।

इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के पुस्तकालय ने भी लाइब्रेरी ग्रेडिंग (Academic Session 2025-26) में लेवल-IV श्रेणी में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। पुस्तकालय को संसाधनों की उपलब्धता, डिजिटल सुविधाओं, उपयोगकर्ता संतुष्टि, बेहतर संचालन एवं आधारभूत संरचना के लिए उत्कृष्ट स्थान प्राप्त हुआ।

स्टाफ सदस्यों ने कहा कि डॉ. सतीश सोनी के प्राचार्य कार्यकाल में अकादमिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं के विकास, डिजिटल संसाधनों के विस्तार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रशासनिक सुधारों के लिए किए गए प्रयासों ने इन उपलब्धियों की मजबूत नींव तैयार की।

 

इस अवसर पर महाविद्यालय की वर्तमान प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह ने डॉ. सतीश सोनी को सम्मानित करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की उपलब्धि उसके नेतृत्व, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती है। उन्होंने महाविद्यालय की इस उपलब्धि के लिए सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी।

 

सम्मान प्राप्त करते हुए डॉ. सतीश सोनी ने महाविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सफलता सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

 

इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे। स्टाफ सदस्यों ने डॉ. सतीश सोनी के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

[post-views]