



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर में एडवांस लाइफ स्किल्स (उन्नत जीवन कौशल) विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 56 प्रतिभागियों ने भाग लिया।


इस कार्यशाला में हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर के साथ ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, कुल्लू तथा डीएवी स्कूल, बिलासपुर के प्रतिभागियों ने भी सहभागिता की।




कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को जीवन कौशलों के प्रभावी विकास की उन्नत तकनीकों से परिचित करवाना तथा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद, आलोचनात्मक चिंतन, समस्या-समाधान और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित करना था।






इसके साथ ही, विद्यार्थियों को दैनिक जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक एवं विवेकपूर्ण ढंग से सामना करने के लिए तैयार करने और शिक्षकों के बीच नवीन शिक्षण विधियों एवं अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।



कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन के रूप में संजय शर्मा और डॉ. आरती शर्मा ने अपनी विशेषज्ञता एवं अनुभव साझा किए। संजय शर्मा गणित विषय के अनुभवी शिक्षक तथा सीबीएसई रिसोर्स पर्सन हैं, जिन्हें 25 वर्षों से अधिक का अध्यापन अनुभव प्राप्त है।





वहीं, डॉ. आरती शर्मा स्कॉलर्स इंटरनेशनल स्कूल, घुरकड़ी, कांगड़ा की प्रधानाचार्या हैं तथा उन्हें शिक्षण और विद्यालय प्रशासन का व्यापक अनुभव है। दोनों विशेषज्ञों ने प्रभावी शिक्षण रणनीतियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में जीवन कौशलों की भूमिका पर प्रकाश डाला।


इस अवसर पर विद्यालय अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा, उपप्रधानाचार्य अश्विनी कुमार तथा मुख्याध्यापिका कंचन लखनपाल उपस्थित रहे।
उन्होंने ऐसी कार्यशालाओं को शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला ने प्रतिभागियों को नवीन दृष्टिकोण अपनाने, अपने अनुभव साझा करने तथा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावशाली एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए प्रेरित किया।





