



देहरादून/विवेकानंद वशिष्ठ:- प्रधानाचार्य सोनू कुंद्रा के अनुसार शिक्षक को पहले ही निलंबित कर दिया गया है। देहरादून के प्रतिष्ठित समर वैली स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपों के बाद आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। अब इस मामले में शिक्षक के पूर्व स्कूल की छात्राएं भी सामने आई हैं और उन्होंने अपने साथ हुए कथित अनुभव साझा किए हैं।

समर वैली स्कूल के फिजिक्स शिक्षक रविंद्र भृगु के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी बीच पूर्व छात्राओं ने भी शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।



एक पूर्व छात्रा का आरोप है कि शिक्षक कक्षा में छात्राओं के साथ बार-बार अनुचित व्यवहार करता था। छात्रा के मुताबिक, उसने पहले भी इस संबंध में शिकायत की थी, जिसके बाद शिक्षक को निलंबित किया गया था। वहीं, एक अन्य छात्रा ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उस समय स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक के परिवार का हवाला देते हुए फैसला लेने से पहले सोचने की बात कही थी।






अब समर वैली स्कूल की छात्रा की शिकायत के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। वहीं, आरोपी शिक्षक ने अपनी सफाई में कहा है कि वह पिछले 25 वर्षों से फिजिक्स पढ़ा रहा है और इससे पहले इस तरह का मामला सामने नहीं आया। उसने यह भी कहा कि उसके बच्चे संबंधित छात्रा से बड़े हैं।



फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिकायतों पर स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि यदि किसी शिक्षक पर ऐसे आरोप लगते हैं, तो स्कूल प्रबंधन बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाता है?












