रा. व. मा. पा. कोट में राष्ट्रीय सेवा योजना के 7 दिवसीय विशेष शिविर का समापन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-   राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बलवन्त सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान प्रधानाचार्य बलवन्त सिंह ने सात दिवसीय शिविर के सफलतापूर्वक आयोजन एवं समापन के लिए सभी स्वयंसेवियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भाव, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

समापन समारोह के अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवियों द्वारा एक आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत से हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेवियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना का गीत प्रस्तुत किया तथा हिमाचली लोक संस्कृति को दर्शाती पारंपरिक नाटी प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में स्वयंसेवियों की प्रतिभा, उत्साह और सांस्कृतिक अभिरुचि देखने को मिली।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने स्वयंसेवियों को आशीर्वाद दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी राकेश कुमार एवं कुमारी गीता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि बलवन्त सिंह ने अपने संबोधन में स्वयंसेवियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम और समाज सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व प्रधानचार्य संतोष राणा ने भी स्वयंसेवियों को अपना आशीर्वाद दिया और उनके सेवा कार्यों की सराहना की।

अंत में सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन सकारात्मक संदेश और सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

[post-views]