डी.ए.वी. में बाल संरक्षण एवं अपराधों के प्रति जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल आलमपुर, जिला काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश में 30 अक्तूबर 2026 को बच्चों के संरक्षण, सुरक्षा एवं उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय न्यायाधीश  अशोक कुमार, सिविल जज-कम-ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, जयसिंहपुर एवं अध्यक्ष, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उनके साथ  नरेंद्र कुमार, प्रभारी पुलिस चौकी आलमपुर, प्रतिष्ठित अधिवक्ता  अरविंद मेहता एवं  विपिन सकलानी तथा उनकी टीम के सदस्य  जोगेश डोगरा,  तृप्ता एवं मीनाक्षी भी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, व्यक्तिगत सुरक्षा, कानून के प्रति जागरूकता तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाले विभिन्न अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

माननीय न्यायाधीश श्री अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, सम्मान एवं अपने अधिकारों की जानकारी प्राप्त होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि अथवा अपराध के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर निःसंकोच उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

नरेंद्र कुमार, प्रभारी पुलिस चौकी आलमपुर ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुलिस की भूमिका, बाल सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

प्रतिष्ठित अधिवक्ता अरविंद मेहता ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कानून किस प्रकार बच्चों को सुरक्षा प्रदान करता है तथा किसी भी समस्या या अनुचित व्यवहार की स्थिति में उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए उचित सहायता प्राप्त करनी चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा एक सुरक्षित, संवेदनशील एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने मुख्य अतिथि, सभी विशिष्ट अतिथियों एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

[post-views]