एसडीएम और अन्य अधिकारियों ने किया, भीड़-भाड़ वाले बाजारों का निरीक्षण

भोरंज/हमीरपुर:- दीपावली के पर्व के दौरान भोरंज उपमंडल के भीड़-भाड़ वाले बाजारों में आग और अन्य दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से कड़ी नजर रखी जा रही है।

एसडीएम शशिपाल शर्मा और जाहू के नायब तहसीलदार रवि कुमार ने शुक्रवार को जाहू बाजार की दुकानों, विशेषकर, पटाखों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

 

इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को पटाखों का भंडारण एवं बिक्री केवल चिह्नित स्थानों पर ही करने और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री न करने के निर्देश दिए।

 

 

निरीक्षण के दौरान दुकानों पर पटाखों के सुरक्षित भंडारण, लाइसेंस और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता इत्यादि की भी जांच की गई।

 

एसडीएम ने दुकानों के बाहर सड़क पर सामान रखने वाले व्यापारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वे सड़कों का अतिक्रमण करके लोगों तथा आवश्यक एवं एमरजेंसी सेवाओं के वाहनों की आवाजाही में बाधा न डालें।

उन्होंने सभी उपमंडलवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व को आपसी सौहार्द के साथ मनाने का आग्रह किया और पटाखे चलाते समय बच्चों का ध्यान रखने की अपील भी की।

उधर, भोरंज के तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा ने भी तरक्वाड़ी बाजार में दुकानों का निरीक्षण किया तथा दुकानदारों को प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों की अनुपालना की अपील की।

 

 

 

 

 

[post-views]